Maharajganj

महराजगंज में स्थापित होगा बौद्ध संग्रहालय, डीएम ने जेएलएन पीजी कालेज में पुरातात्विक खुदाई में प्राप्त वस्तुओ का किया निरीक्षण

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : जंगल सफारी शुरू होने के बाद  जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बौद्ध संग्रहालय की स्थापना की भी तैयारी की जा रही है। इस सन्दर्भ में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने जवाहरलाल नेहरू पी.जी. कॉलेज में जनपद से पुरातात्विक खुदाई में प्राप्त वस्तुओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पीजी कॉलेज के संग्रहालय में मौजूद वस्तुओं के बारे में कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर डॉ. परशुराम गुप्ता से जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने परियोजना प्रबंधक, राजकीय निर्माण निगम को संग्रहालय में रखी वस्तुओं की सूची तैयार करने और संग्रहालय के लिए एस्टीमेट बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेषज्ञों के द्वारा प्राप्त वस्तुओं की कार्बन डेटिंग कर उनकी आयु व उनका काल निर्धारित करने का भी निर्देश दिया। 

जनपद के 388 स्थलों से मिले हैं पुरातात्विक महत्व की वस्तुएं

जनपद में करीब 388 स्थलों से खुदाई में पुरातात्विक महत्व की वस्तुएं प्राप्त हुई हैं, जिनको जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में संरक्षित रखा गया है। जनपद में बौद्ध संग्रहालय के स्थापित हो जाने से जनपद बौद्ध सर्किट के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित होगा। जिला प्रशासन देवदह स्थल व रामग्राम स्तूप को पहले ही पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर रहा है। बौद्ध संग्रहालय बन जाने से जनपद में न सिर्फ बौद्ध धर्मावलंबी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि देश-प्रदेश के लोग भी आएंगे।

यह भी पढ़ें : चार उपनिरीक्षक सहित 14 के तबादले, अंकित सिंह बने सोनौली के चौकी इंचार्ज